देश

वृंदावन की उस महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री से क्यों मांगी जहर की पुड़िया.. देखें पूरी खबर

(शशि कोन्हेर) : उत्तर प्रदेश के वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर और उसके आसपास बनाए जाने वाले कॉरिडोर को लेकर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया है। रविवार  को महिलाओं (गोस्वामी परिवार की) ने मंदिर के मेन गेट पर प्रदर्शन किया, जबकि वहां 36 घंटे के लिए बाजार बंद रहे। लोगों का कहना है वृंदावन का असल स्वरूप खत्म नहीं किया जाना चाहिए।

इस बीच, कॉरिडोर का विरोध जताने वाली एक महिला का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए बोलती नजर आईं कि वे उनके परिवार के लोगों के लिए जहर की पुड़िया भिजवा दें। वे लोग उसे खा लेंगे, उसके बाद सरकार उनकी लाशों के ऊपर चौड़ीकरण करे और कॉरिडोर बनाए।


“पीएम मोदी और सीएम योगी, आपसे मेरी खास दरख्वास्त है…आप हमारे लिए इतना नेक काम करने जा रहे हैं, वृंदावन में। कॉरिडोर और चौड़ीकरण का…हमें तो वृंदावन और ब्रजवासी चाहिए। हम 80 गज के मकान में 12 सदस्य रहते हैं। आप ऐसा करिए कि आप 12 पुड़िया ले आना, हम आपके सामने उसे खा लेंगे और यहां की मिट्टी में मिल जाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा- आप फिर हमारी लाशों के ऊपर चौड़ीकरण करना या फिर कॉरिडोर बनाइएगा…यह नेक काम तो हो ही जाएगा। हमें ब्रजवास मिल जाएगा और हम इसके कण-कण में मिल जाएंगे। आप अपने काम में रुकावट मत डालिए। हमारे ऊपर से आप बुल्डोजर चलाना और हमारे घर के भीतर ही हमें दफ्न कर दीजिएगा। हमें कहीं नहीं जाना है। आप अंदर ही हमें जगह दे देना।

महिला के मुताबिक, आप बिल्कुल चिंता न करें और हमारा पूरा घर और दुकान ले लीजिए। बस हमारे लिए अधिकारियों के हाथों जहर की 12 पुड़िया जरूर भिजवा दीजिएगा। आप हमें मत खिलाना…हम खुद खा लेंगे। फिर आप हमारा दाह संस्कार घर में ही कर देना। हमारी आपसे यह विशेष विनती है, क्योंकि हम जाएंगे कहां? हमारा कोई ठिकाना नहीं है।

हमने जिंदगी की पूरी कमाई जोड़-जोड़ कर एक-एक ईंट लगाकर यह मकान बनाया, ऐसे में हम कहां जाएं अब? चौड़ीकरण के लिए तो आपको जगह चाहिए होगी, पर हमारे लिए अब रहने को भी जगह नहीं मिलेगी। ऐसे में आप अपना काम करिए और हम अपना काम करेंगे, लेकिन आप हमें ब्रजवास दे दीजिए और कॉरिडोर बनाइए।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button