आज पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे चरणजीत चन्नी, दो उपमुख्यमंत्री भी होंगे, एक सिख और एक हिंदू समुदाय से
(शशि कोन्हेर) : चंडीगढ़ (पंजाब) : चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का नया मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि राज्य में दो उपमुख्यमंत्री होंगे। एएनआई से बात करते हुए हरीश रावत ने कहा कि पंजाब सरकार में दो उपमुख्यमंत्री होंगे। राज्य में एक सिख समुदाय है, इसलिए अब एक उप मुख्यमंत्री जाट सिख समुदाय से होगा और दूसरा हिंदू समुदाय से होगा।
सूत्रों का कहना है कि दो उप मुख्यमंत्रियों के बीच; एक जाट सिख होगा जिसके लिए डेरा बाबा नानक से विधायक सुखजिंदर सिंह रंधावा नाम पर विचार किया जा रहा है, जबकि हिंदू समुदाय के संभावितों में ब्रह्म सिंह मोहिंद्रा (पटियाला ग्रामीण से विधायक), विजय इंदर सिंगला (संगरूर से विधायक) और भारत भूषण आशु (पंजाब खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री) शामिल हैं।
अगर उपमुख्यमंत्री के दूसरे नाम को भी अंतिम रूप दिया जाता है तो चन्नी के साथ दो डिप्टी सीएम सोमवार को शपथ लेंगे। हालांकि, अगर डिप्टी सीएम के फैसले में देरी होती है तो उन्हें बाद में शपथ दिलाई जाएगी।
चरणजीत सिंह चन्नी आज सुबह 11 बजे पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले हैं। एएनआई सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चंडीगढ़ में पंजाब के नए मुख्यमंत्री के रूप में चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि समारोह में सिर्फ 40 लोग शमिल होंगे।
अमरिंदर सिंह ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, उनके और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के बीच महीनों तक चली खींचतान के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्य के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को सौंपा। सिंह ने अपने इस्तीफे के बाद कहा कि वह “अपमानित” महसूस कर रहे हैं।