छत्तीसगढ़

मस्जिद के भीतर और बाहर, समर्थकों सहित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की क्यों हुई पिटाई..?

(शशि कोन्हेर) : यूपी के संभल में बदायूं की भाजपा सांसद को घर बुलाकर स्वागत करने पर पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष को कुछ लोगों ने मस्जिद में बुरी तरह से पीट दिया। अपमानित करने के साथ ही उसे मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोकने और बिरादरी से बाहर करने की मांग की गई।

वहां किसी तरह मामला शांत हो गया लेकिन इसके बाद कुछ लोगों ने अल्पसंख्यक नेता के समर्थकों पर लाठी-डंडों संग हमला करके उन्हें लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने मामले में 10 लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। मस्जिद और सड़क पर हुई मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई।

मामला शुक्रवार का बताया जा रहा है। रजपुरा निवासी शाह आलम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है। बुधवार को शाह आलम ने बदायूं सांसद डा.संघमित्रा मौर्या को घर बुलाकर उनका स्वागत किया था। इस मौके पर मोर्चा से जुड़े लोगों की बैठक भी हुई थी। उधर, शुक्रवार को हमेशा की तरह शाह आलम मस्जिद में नमाज के लिए पहुंचा था। आरोप है कि नमाज के बाद रजपुरा के ही रहने वाले अब्दुल लईक ने माइक पर उसे अपमानित किया।

ऐलान किया कि कुछ लोग मुसलमान होकर भी भाजपा के साथ हैं। ऐसे लोगों को मस्जिद में घुसने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए और बिरादरी से बाहर कर दिया जाना चाहिए। इसका विरोध करने पर शाह आलम और उसके समर्थकों के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने मारपीट कर रहे दस लोगों को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई।

मस्जिद के अंदर होती रही मारपीट, काफी देर बाद पहुंची पुलिस

रजपुरा में शुक्रवार शाम को जहां विवाद हुआ। वहां से कुछ दूरी पर ही थाना है। लोगों ने मारपीट की सूचना पुलिस को तुरंत दी लेकिन उसके काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौका पाकर भाग गए। पीड़ित शाह आलम, शमी मोहम्मद और नासिर ने ग्राम प्रधान को नामजद करते हुए 10 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी पवन कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

बीच सड़क पर चलती रहीं लाठियां, लोग बनाते रहे वीडियो

अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शाह आलम के साथ मस्जिद में हुई मारपीट के बाद शाम को कुछ लोगों ने अल्पसंख्यक नेता के समर्थकों पर लाठी-डंडों संग हमला करके उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने जुबैर, जैब, शमी मोहम्मद और फैजान पर लाठी-डंडे बरसाए। एक युवक सड़क पर गिर गया लेकिन आरोपी उसके बाद भी लाठियां मारते रहे। वहां मौजूद अधिकतर लोग मूकदर्शक बने देखते रहे जबकि कुछ लोग वीडियो बनाते रहे। देर शाम मारपीट की वीडियो भी लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

उधर मस्जिद में भी मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट के दौरान पंद्रह मिनट तक मस्जिद में हंगामा होता रहा। मस्जिद के बाहर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने हालात संभाले। मस्जिद के अंदर हुई मारपीट के दौरान वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने मौके से 10 लोगों को हिरासत में लिया। अब पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर रही है। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि 10 लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

सीओ गुन्नौर आलोक सिद्धू ने बताया, दोनों पक्षों में दुकानों के किराए को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को एक पक्ष के व्यक्ति को मस्जिद नमाज के बाद पीटा गया। इस मामले में पुलिस की तरफ से 10 लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं शाम को दोबारा से दोनों पक्षों में मारपीट की जानकारी मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button