देश

राजस्थान में महिला को न्यूड घुमाए जाने पर क्या बोलीं प्रियंका गाँधी

(शशि कोन्हेर) : राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में 21 साल की एक आदिवासी महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र घुमाए जाने की सनसनीखेज घटना को लेकर सूबे का माहौल गर्म है। पुलिस ने इस मामले में उसके पति समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि 10 लोगों को नामित किया गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से त्वरित न्याय देने की अपील की है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा- महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में त्वरित न्याय दिलाना अति आवश्यक है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए अपराधियों को जल्द सजा दिलाई जानी चाहिए। राजस्थान सरकार ने त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों की गिरफ्तारी की है। राज्य सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर आरोपियों को सजा दिलाने की घोषणा की है।

प्रियंका ने आगे कहा- आशा है कि इस नृशंस घटना को अंजाम देने वालों को सख्त सजा मिलेगी और पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा। फिलहाल खबर लिखे जाने तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

वहीं भाजपा ने इस वारदात को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- राजस्थान में ‘शासन नाम की कोई चीज नहीं है। मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी आपसी झगड़े में व्यस्त हैं।

नड्डा ने आगे कहा- प्रदेश में शासन व्यवस्था नदारद है। आए दिन महिलाओं के उत्पीड़न की कोई न कोई घटना सामने रही है। सूबे में महिला सुरक्षा के मुद्दे को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। जनता राज्य सरकार को सबक सिखाएगी। डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि महिला के ससुराल वाले उसे अगवा कर अपने गांव ले गए और वारदात को अंजाम दी। ससुराल वाले पीड़िता से नाराज थे, क्योंकि वह किसी दूसरे पुरुष के साथ रह रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button