देश

रावण ने कुंभकर्ण, अहिरावण, मेघनाद सबको उतार दिया था….भाजपा की दिग्गजों वाली लिस्ट पर क्या बोल गई कांग्रेस


(शशि कोन्हेर) : मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दूसरी लिस्ट ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। भाजपा ने 39 नामों की दूसरी सूची जारी करते हुए 3 केंद्रीय मंत्री और 4 सांसद समेत पार्टी के कई बड़े चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा की दिग्गजों वाली सूची पर कांग्रेस पार्टी को रावण से मेघनाद तक की याद आ गई। कांग्रेस ने कहा है कि रावण ने भी कुंभकर्ण, अहिरावण, मेघनाद सबको उतार दिया था।

भाजपा ने सोमवार रात को विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी की। भाजपा की लिस्ट आने के कुछ देर बाद कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से ट्वीट किया गया, ‘हार को सामने देख कर रावण ने कुंभकर्ण, अहिरावण, मेघनाद सबको उतार दिया था…बस यही दूसरी लिस्ट में हुआ है।’ एक अन्य ट्वीट में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी तंज कसा गया। कांग्रेस ने लिखा, ‘ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट तक नहीं, सूत्रों का दावा -बीजेपी ने सरपंच पद के लिये भी कुछ लोगों को रिज़र्व रखा। श्रीमंत से श्री अंत तक।’

उधर, कमलनाथ ने भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट को आखिरी दांव और हार पर मुहर बताया। उन्होंने कहा, ‘एमपी में हार स्वीकार कर चुकी भाजपा ने उम्मीद का आखरी झूठा दांव आज खेला है। 18.5 साल की भाजपाई सरकार और 15 साल से ज्यादा के शिवराज जी विकास के दावों को नकारने वाली भाजपाई प्रत्याशियों की सूची करोड़ों कार्यकर्ताओं की पार्टी का दावा करने वाली भाजपा की आंतरिक हार पर पक्की मोहर है। एमपी विकास के खोखले दावों की पोल खुलने के साथ बड़बोली भाजपाई सरकार के प्रचारवादी विकास के थोथे दावे आज सफेद झूठ साबित हो गए। भाजपा केवल एक बात ध्यान रखें… ये जनता है, ये सब जानती है …18 साल के कुशासन का हिसाब तो जनता लेकर रहेगी और न्याय होकर होगा। एमपी की जनता है तैयार, भाजपा पर होगा पलटवार।’

भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते और पार्टी के कई अन्य सांसदों को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची में जगह दी है। मंत्रियों के अलावा जिन सांसदों को विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया गया है, उनमें राकेश सिंह, गणेश सिंह, रीति पाठक और उदय प्रताप सिंह शामिल हैं। ये सभी लोकसभा के सदस्य हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 से चुनाव लड़ेंगे। कई केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को चुनाव मैदान में उतारकर, पार्टी ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिलने के बीच राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए बड़ा दांव चल दिया है। दूसरी सूची के साथ, भाजपा ने मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीट में से 78 सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। प्रदेश में नवंबर-दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button