छत्तीसगढ़

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुआ राहुल गांधी का हमशक्ल, लोग हुए कन्फ्यूज

(शशि कोन्हेर) : राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा के तहत कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चल रहे हैं, बुधवार को वह उत्तर प्रदेश में दाखिल हुए। राहुल के साथ यह यात्रा बुधवार को गाजियाबाद से होकर बागपत के रास्ते शामली होते हुए गुरुवार को हरियाणा में प्रवेश कर गई।

बागपत में राहुल गांधी का एक हमशक्ल देखा गया, जिसने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की तरह ही सफेद रंग की हाफ टीशर्ट पहनी हुई थी। इतना ही नहीं, इस शख्स की हेयर स्टाइल और दाढ़ी रखने का अंदाज भी काफी हद तक वायनाड सांसद की तरह दिखाई दे रहा था। उनको देखते मीडिया के कैमरों के लेंस भी थम गए।

जानकारी करने पर पता चला कि शख्स का नाम फैजल है, जोकि एक कांग्रेस कार्यकर्ता भी हैं और मेरठ जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को वह राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे। इनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर साझा किया जा रहा है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की आज की शुरुआत शामली से की। राहुल के साथ भारी संख्या में लोग तिरंगा और पार्टी का झंडा लिए शामिल हुए। शामली से यह यात्रा हरियाणा में प्रवेश कर गई।

यात्रा के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारे देश के सामने तीन बड़ी चुनौतियां हैं। आर्थिक विषमता, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक तानाशाही। उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इन्हीं बातों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए निकाली गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button