बिलासपुर

क्या हार के भय से बिलासपुर के विष्णु नगर (कुदुदण्ड) वार्ड में पार्षद उपचुनाव कराने से डर रही है कांग्रेस..?

Advertisement

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर। यह हमारा कहना नहीं है। ‌ वरन इस समय बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 16 विष्णु नगर के मतदाताओं को इस बात का पूरा शक है कि पराजय के डर से ही कांग्रेस उनके वार्ड में उपचुनाव नहीं होने दे रही है। इस वार्ड के मतदाताओं को लगता है कि कांग्रेस को यहां से उपचुनाव कराने में बुरी तरह हारने का डर है। इसीलिए उसके प्रभाव और दबाव..? में निर्वाचन कार्यालय के द्वारा कुदुदंड विष्णु नगर वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद उप चुनाव की घोषणा नहीं की जा रही है। लगभग 6856 मतदाताओं वाले इस वार्ड की तासीर पहले कांग्रेस समर्थक की थी। लेकिन बाद में धीरे-धीरे इस वार्ड का मतदाता कांग्रेस विरोधी मोड में आता गया।पिछले नगरनिगम चुनाव में ही वार्ड नंबर 16 विष्णु नगर से भारतीय जनता पार्टी की महिला प्रत्याशी निधि कमल जैन विजयी घोषित हुई थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी शैल परमेश्वर यादव को लगभग 552 मतों से परास्त किया था। इसी चुनाव में कांग्रेस में पूर्व पार्षद रवि चतुर्वेदी की धर्मपत्नी श्रीमती संगीता चतुर्वेदी को अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन अफसोस कि वे तीसरे नंबर पर रही। पाठकों को हम यह याद दिला दें कि यह वही खतरनाक वार्ड है जहां से कांग्रेस के एक से एक दिग्गज लोग पार्षद पद के चुनाव में औंधे मुंह गिर चुके हैं। (खैर उनका जिक्र फिर कभी)

Advertisement
Advertisement


इस वार्ड से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव जीत चुकी निधि कमल जैन का 26 दिसम्बर 2021 को देहांत हो गया। उसके बाद से लगातार इस वार्ड का पार्षद पद रिक्त है। जबकि नियमानुसार पार्षद का पद किसी भी कारण से खाली होने पर 6 माह के भीतर उस पद के लिए पुनः उपचुनाव कराया ही जाना चाहिए। लेकिन पार्षद स्वर्गीय निधि कमल जैन के देहांत को लगभग 11 माह पूर्ण होने के बाद भी इस वार्ड में चुनाव कराना तो दूर… चुनाव कराने की चर्चा तक, सत्ताधारी कांग्रेस और उसके नेता नहीं कर रहे हैं। लोग इसकी वही वजह बता रहे हैं, जो हम पहले बता चुके हैं। मतदाताओं का कहना है कि कांग्रेस को डर है कि अगर चुनाव कराया गया तो उसकी बुरी तरह पराजय होगी। दरअसल, ऐसा सोचने के पीछे की प्रमुख वजह है कि पिछले चुनाव में कांग्रेस तीसरे नंबर पर आई थी जबकि दूसरे नंबर पर निर्दलीय शैल परमेश्वर यादव थी‌। यहां यह बता दें कि बिलासपुर नगर निगम के ही वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर के निर्वाचित पार्षद और गरीबों के मसीहा स्वर्गीय शेख गफ्फार का देहांत होने के बाद वहां 6 माह के भीतर चुनाव करा लिया गया और शेख असलम कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में भारी मतों से चुनाव जीतकर पार्षद बन गए। तब लोग सवाल कर रहे हैं कि जब वहां अर्थात संजय गांधी नगर वार्ड क्रमांक 29 में कुछ ही माह के भीतर पार्षद पद का उपचुनाव हो सकता है तो विष्णु नगर वार्ड क्रमांक 16 में ऐसी क्या वजह है जो पार्षद की मृत्यु के 11 माह बाद भी उपचुनाव कराने की कोई हिम्मत कांग्रेस नहीं कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का कहना है कि दरअसल कांग्रेस को डर है कि अगर विष्णु नगर में वार्ड का उपचुनाव हुआ तो उसके प्रत्याशी को मुंह की खानी पड़ेगी। जबकि यह वार्ड अब बिलासपुर शहर के दिग्गज दिग्गज कांग्रेसी नेताओं का गृह वार्ड हो गया है। इसलिए जब भी यहां पार्षद पद का उपचुनाव होगा तो उसका संघर्ष बहुत प्रतिष्ठा पूर्ण हो जाएगा।

Advertisement


बहरहाल पूर्व पार्षद स्वर्गीय निधि कमल जैन के पति कमल जैन से इस बारे में जब हमने चर्चा की तो उनका साफ साफ कहना था कि कांग्रेस जानबूझकर इस वार्ड में पार्षद पद का उपचुनाव नहीं करा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पार्षद पद के उपचुनाव में और अविलंब किया जाएगा तो वे चुनाव कराने के लिए उपचुनाव कराने के लिए हाईकोर्ट की शरण में जाएंगे।

Advertisement


वहीं हम एक और बात पाठकों को बताना उचित समझते हैं कि आज ही भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम मंडल ने विष्णु नगर कुदुदंड वार्ड क्रमांक 16 के मुंगेली नाका चौक स्थित गार्डन के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ संघर्ष का शंखनाद कर दिया है। भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत और पश्चिम मंडल भाजपा अध्यक्ष अजीत भोगल तथा बबलू कश्यप आदि ने आज ही नगर निगम के आयुक्त व को एक ज्ञापन देकर उन्हें चेतावनी दी है कि मुंगेली नाका चौक स्थित मैदान के व्यावसायिक उपयोग पर तत्काल रोक लगाई जाए। और अगर ऐसा नहीं कराया गया तो भारतीय जनता पार्टी जोरदार आंदोलन करेगी।


अब क्या आप इन सब घटनाक्रमों का मतलब समझ रहे हैं..? और मतलब साफ है कि एक ओर जहां कांग्रेस विष्णु नगर वार्ड के उपचुनाव को लेकर मुंह में अलीगढी ताला लगाए बैठी है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने यहां पार्षद पद का उपचुनाव कराने के लिए मुंगेली नाका चौक स्थित मैदान के बहाने दबाव बनाने का ऐलान कर दिया है। (साथ मे महेश तिवारी)

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button