रायगढ़

बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार.

रायगढ़ – साइबर सेल और थाना पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि के संघर्षरत बालक भी शामिल है।

Advertisement

पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 चोरी की बाइक, 2 रेंजर साइकिल और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 3 लाख 33 हजार रुपये आंकी गई है।

Advertisement

एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम व डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी रायगढ़, छाल, पूंजीपथरा और ओडिशा के बरगढ़ इलाके से वाहन व मोबाइल की चोरी कर उन्हें खपाने का काम कर रहे थे।

पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी किशोर को पकड़ा, जिसने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसके मेमोरेंडम पर बाकी चार आरोपियों—जेसीयल भगत, सुधीर मालाकार, विकास जायसवाल और सोनू चौहान—को भी गिरफ्तार किया गया।

सभी आरोपियों के पास से चोरी की संपत्ति जब्त कर ली गई है और उनके खिलाफ चोरी, संपत्ति की खरीद-बिक्री और संगठित अपराध से जुड़े प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

इस सफल ऑपरेशन में पूंजीपथरा थाना व साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button