रायगढ़

हाथियों की मौत का खुलासा, खेत की मोटर से फैला करंट….दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में करंट से दो हाथियों की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।दरअसल घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के कुरकुट नदी के पास 11 फरवरी को दो हाथियों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। नदी में शव मिलने के कारण वन विभाग के लिए मौत के कारणों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण था।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ वन मंडलाधिकारी अरविंद पीएम के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने जांच शुरू की। उप वन मंडलाधिकारी आशुतोष मंडावा के मार्गदर्शन और प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत सिंह के नेतृत्व में टीम ने सघन जांच और पूछताछ की।

Advertisement

जांच के दौरान वन विभाग ने दो आरोपियों रामकुमार राठिया और धरम सिंह राठिया, दोनों निवासी पाका दरहा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने खेत की सिंचाई के लिए नदी में मोटर लगाई थी, जिससे करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से दो हाथियों की मौत हो गई।

 

वन विभाग ने मौके से सोलर प्लेट, तार, बैटरी, फेंसिंग वायर और वाटर पाइप सहित अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

 

Related Articles

Back to top button