मुनाफे का झांसा देकर 1.77 करोड़ की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शेयर मार्केट में निवेश कर हर महीने 6 प्रतिशत रिटर्न देने का लालच देकर 13 से अधिक लोगों से करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।
रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत की गई कार्रवाई में आरोपी विश्वजीत देवनाथ को जांजगीर-चांपा से गिरफ्तार किया गया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट ट्रेडिंग और व्यवसाय से जुड़ा बताकर निवेशकों को ऊंचे मुनाफे का भरोसा दिलाया था। शुरुआती दौर में ब्याज की राशि लौटाकर उसने लोगों का विश्वास जीता और बाद में करोड़ों रुपये निवेश करा लिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने रायगढ़ के 13 से अधिक निवेशकों से कुल 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये जुटाए थे। जब निवेशकों को निवेश संबंधी दस्तावेज और डीमैट खाते की जानकारी नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। पूछताछ में आरोपी ने लोगों से रकम लेकर शेयर बाजार में निवेश करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जांजगीर-चांपा जिले में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और उसके बैंक खातों, ट्रेडिंग खातों तथा अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है, रायगढ़ पुलिस का कहना है कि निवेश और साइबर ठगी से जुड़े मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।




