मॉडिफाई साइलेंसर पर पुलिस का शिकंजा, गैरेज संचालकों को चेतावनी, ‘सशक्त ऐप’ से चोरी वाहनों पर नजर

रायगढ़ में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाई साइलेंसर और हैवी हार्न के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई शहर और ग्रामीण इलाकों में एक साथ की जा रही है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने स्थानीय गैरेज संचालकों की बैठक ली। बैठक में उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस के “सशक्त ऐप” के जरिए चोरी के वाहनों की पहचान करने की प्रक्रिया समझाई गई और सभी के मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कराया गया।
सीएसपी ने साफ निर्देश दिए कि कोई भी गैरेज मॉडिफाई साइलेंसर नहीं लगाएगा। नियम तोड़ने पर संबंधित गैरेज और वाहन चालक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए विद्यार्थियों और बुजुर्गों को हो रही परेशानी पर भी पुलिस ने चिंता जताई है।
अभियान के पहले ही दिन ट्रैफिक पुलिस ने तीन दुपहिया वाहनों को मॉडिफाई साइलेंसर के साथ पकड़ा और चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे वाहनों की सूचना कंट्रोल रूम पर दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रहेगा।




