बिलासपुर

शहर वालों की होली के बाद…पुलिस वालों की होली और इसके साथ ही शुरू हुई बिजली वालों की होली..

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर – गनीमत है बिलासपुर शहर में वाटर सप्लाई का काम नगर निगम के द्वारा किया जाता है.. विद्युत मंडल के द्वारा नहीं। वरना पता नहीं शहर वालों को कब कब और कितने कितने बार प्यासे मरने के लिए मजबूर होना पड़ता। मुद्दे की बात यह है कि जिस दिन बिलासपुर शहर में रंग पर्व होली धूमधाम से मनी। उसके 1 दिन पहले से विद्युत मंडल जनता के साथ होली खेलने के लिए वार्मअप होने लगा था। इसकी शुरुआती तैयारियों के तहत होली की रात से ही, अधिकारियों ने बिलासपुर के अपने उपभोक्ताओं के साथ बिजली वालों की होली शुरू कर दी। मतलब अब होली से लेकर दिवाली तक बिजली वाले जब मन चाहे तब सुधार मरम्मत, और गर्मी के पूर्व की तथा गर्मी के बाद बरसात की और बरसात के बाद दिवाली के पहले घंटों लाइन बंद रखकर सुधार और मरम्मत का काम करते रहेंगे। शहर के लोगों ने जिस दिन होली खेली है‌ उसी दिन रात से बिजली वालों ने शहर के लोगों से होली खेलना शुरू कर दिया है। जिस दिन होली का पर्व था। उस दिन देर शाम से देर रात तक 5-7 बार बिजली का आना जाना लगा रहा। यह संकेत था कि अब शहर वालों तथा पुलिस वालों की तरह ही बिजली वालों की होली के लिए भी लोगों को तैयार रहना चाहिए। इस बार गर्मी भी पिछले सालों की तुलना में अधिक रहने की चेतावनी दी जा रही है। इसके साथ-साथ लोगों को यह भी जान लेना चाहिए कि जितनी अधिक गर्मी होगी विद्युत आपूर्ति में उतनी ही अधिक गड़बड़ी होगी। और उतनी ही बार अलग-अलग समय के लिए अलग-अलग मोहल्लों में लाइटें गोल की जाएंगी। वैसे तो विद्युत मंडल बिलासपुर के अपने उपभोक्ताओं के साथ आठों काल बारहों माह होली खेला करता है। लेकिन अब शहर की होली के साथ ही विद्युत मंडल पूरी तरह होलीयाना मूड में आ गया है। और अप्रैल से लेकर मार्च तक चलने वाली विद्युत मंडल की होली पसीने से सराबोर होकर भी आपको झेलनी ही पड़ेगी। हां तो…इसकी शुरुआत हो चुकी है…. लेकिन अंत कब होगा इसे भगवान भी नहीं बता सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button