पंजाब का भगवानपुरा गांव जहां मक्खियों के डर से घरों को मच्छरदानियों से ढंक रहे लोग
आप कभी कल्पना भी कर सकते हैं, ऐसे किसी गांव की। जहां मक्खियों के कारण लोगों का खाना-पीना उठना बैठना आना-जाना सब हराम हो गया हो। हां पंजाब का एक गांव ऐसा ही है जहां लोग मक्खियों से इतने परेशान हैं कि इस समस्या के कारण कोई मेहमान भी अब उनके गांव आना नहीं चाहता। गांव भगवानपुरा पंजाब का मक्खियों वाला गांव के नाम से जाना जाने लगा है। मक्खियों की भरमार के कारण गांव के अधिकतर घरों के बार मच्छरदानियां लगी है। यहां इतनी ज्यादा मक्खियां हैं कि लोगों का खुले में उठना-बैठना और खाना-पीना मुश्किल हो गया है। तीन वर्ष पहले मक्खियों की समस्या उस समय सामने आई जब गांव के पास एक पोल्ट्री फार्म खोला गया। इस समस्या के कारण यहां रहने वालों के रिश्तेदारों और मेहमान ने भी आने से भी मुंह मोड़ लिया है।
अगर कभी कभार कोई मेहमान गांव के किसी घर में आ भी जाए तो खाने का सामान सामने रखते ही मक्खियां चाय-पानी में डूब जाती हैं। हालात इस कदर बदतर हो गए हैं कि लोगों ने मजबूरन अपने घरों को मच्छरदानियों से ढक लिया है।
गांव का हर घर व हर परिवार मक्खियों से परेशान है और अब तो हालात ऐसे हो गए हैं कि घरों में विवाह करके बहुएं भी अपने छोटे बच्चों को लेकर अपने मायके की तरफ रुख कर गई हैं, ताकि बच्चों को मक्खियों के कारण होने वाली बीमारियों से बचाया जा सके। अधिकारियों व प्रशासन तक फरियाद करके अब वे लोग थक चुके हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने एलान किया कि वह अगले दिनों में पोल्ट्री फार्म के खिलाफ धरना लगाएंगे।
खुले में बैठना और खाना बनाना मुश्किल
गुरदीप सिंह ने बताया कि गांव में हर जगह मक्खियां ही मक्खियां हैं। घर के आंगन में बैठने पर मक्खियां आ बैठती हैं। खाना बनाने के दौरान घर का एक सदस्य मक्खियां उड़ाने में लगा रहता है।