सुरक्षाबलों-नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी इलाके के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है।मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर जिला बीजापुर से सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। आज सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है।
इस मुठभेड़ में अब तक दो माओवादी मारे जाने की खबर है, जबकि मौके से दो हथियार भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि बीजापुर जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ चल रही है, जहां सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को चारों ओर से घेर रखा है।
फिलहाल ऑपरेशन जारी होने के कारण मुठभेड़ स्थल और सुरक्षाबलों की संख्या से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा नहीं की जा रही है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद पुलिस द्वारा विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।




