बिलासपुर

पीएम जनमन योजना के तहत बिलासपुर को मिली 3 मोबाइल मेडिकल यूनिट, दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान “पीएम जनमन” के तहत जिले के दूरस्थ और दुर्गम बैगा–बिसोहर गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत की जा रही हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले को 3 मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रदान की गई हैं। इन यूनिट वाहनों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 31 दिसंबर 2025 को नया रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Advertisement

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि अस्पतालों तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को दूर किया जा सके।

Advertisement

जिले में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत कुल 54 ग्राम और बसाहटों का चिन्हांकन किया गया है। इनमें कोटा विकासखंड के 45 बैगा ग्राम, बिल्हा विकासखंड के 4 बिसोहर ग्राम, तखतपुर विकासखंड के 2 बैगा ग्राम और मस्तूरी विकासखंड के 3 बैगा ग्राम शामिल हैं। इनमें से 21 चिन्हित ग्रामों में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 3 मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन किया जाएगा।

इन यूनिट में डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन और स्थानीय वालंटियर तैनात रहेंगे। यहां 25 प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं और 106 प्रकार की दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट हर 15 दिन में चिन्हित स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाएगी, जहां जांच, उपचार और दवाओं का वितरण किया जाएगा।

इस पहल से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ, अंधत्व, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, एनीमिया, कुपोषण और कैंसर स्क्रीनिंग जैसी बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम में मदद मिलेगी।
पीएम जनमन योजना के तहत शुरू हुई यह सुविधा दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button