राइस मिल में खाद्य विभाग का छापा, रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी, 7 करोड़ का धान जब्त

जांजगीर-चाम्पा – खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राइस मिल में छापा मारा है। रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी पाए जाने पर खाद्य विभाग की टीम ने करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य का धान जब्त किया है।
मामला जांजगीर जिले के नेगुरडीह गांव स्थित श्री हरि राइस मिल का है। जांच के दौरान मिल के दस्तावेजों और भौतिक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। इसके बाद विभाग ने मौके पर मौजूद कुल 56 हजार बोरी धान जब्त किया है, जिसका वजन लगभग 22 हजार 566 क्विंटल बताया जा रहा है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, धान की आवक-जावक और स्टॉक रजिस्टर में अनियमितताएं पाई गई हैं। फिलहाल जब्त धान को सील कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।विभागीय सूत्रों की मानें तो जांच पूरी होने के बाद राइस मिल संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।फिलहाल इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले के राइस मिल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।




