नेशनल हाइवे पर भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक से टकराई, 12 यात्री घायल

कांकेर। रायपुर–जगदलपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार की तड़के एक बार फिर रफ्तार ने कहर बरपाया। कांकेर के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, जंगलवार कॉलेज के पास सुबह करीब साढ़े 4 बजे तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त सभी यात्री नींद में थे। टक्कर के बाद बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल कांकेर में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस ड्राइवर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया, जिससे यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और वाहन को सड़क से हटवाया गया ताकि यातायात सुचारू रखा जा सके।
लगातार बढ़ते हादसों पर लोगों ने चिंता जताई है। यात्रियों का कहना है कि हाईवे पर चलने वाले सवारी वाहन ड्राइवर जल्दबाजी में नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।




