Uncategorized

इन्हें कौन नहीं जानत, लुच्चा हैं गांव के…योगी के मंत्री के सामने ये क्या बोल गई महिला

(शशि कोन्हेर) : सोशल मीडिया पर एक योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो लखीमपुर खीरी जिले का बताया जा रहा है। वीडियो में स्वतंत्र देव सिंह कुछ लोगों का परिचय करवाते हैं। मंत्री जी जैसे ही ग्राम प्रधान के बारे में पंडाल में बैठे लोगों से पूछते हैं तो एक महिला हैरान कर देने वाला जवाब देती है। महिला का जवाब सुनकर वहां मौजूद लोगों की हंसी छूट जाती है।

यूपी सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ग्राम पंचायत मुड़िया खेड़ा में स्थलीय निरीक्षण कर चौपाल लगाई थी। चौपाल में मंत्री स्वतंत्रदेव ने लाभार्थियों से संवाद किया। जल शक्ति मंत्री ने जलापूर्ति के बारे में भी जानकारी ली। गांव वालों से पूछा कि समय पर जलापूर्ति मिल रही है या नहीं। मंत्री के पूछने पर डीपीएमयू के ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर ट्रेनिंग के संबंध में संतोषजनक जानकारी न दे सके।

जिसपर मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी फटकार लगाई। गांव वालों से पाइप लाइन डालने के बाद मार्ग मरम्मत की वस्तुस्थिति जानी, जिस पर ग्रामीणों ने मरम्मत की बात स्वीकारी। मंत्री के पूछने पर अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) योगेंद्र कुमार नीरज ने बताया कि इस परियोजना के तहत 460 कनेक्शन दिए गए।

मंत्री ने परियोजना के सिविल कार्य पर संतोष जताया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हर घर नल योजना”की प्रगति की निरंतर निगरानी की जिम्मेदारी अभियंताओं की है। चेतावनी दी कि जिन साइट में घर-घर नल पहुंचाने का काम गति नहीं पकड़ेगा, वहां उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद मंत्री स्वतंत्रदेव एक ग्राम प्रधान को आगे करते हुए महिलाओं से पूछते हैं, इन प्रधान जी को आप लोग पहचानती हैं, यही पानी पहुंचा रहे हैं? मंत्री जी की बात सुनकर एक महिला ने जो जवाब दिया उसे सुनकर वहां मौजूद लोगों की हंसी छूट पड़ी। महिला ने कहा, ‘इनका कौन नहीं जानत है, सब जानते हैं, गांव के लुच्चा हैं’।

महिला की बात सुनकर मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने अच्छा बैठ जाओ कहकर बात को टाल दिया, लेकिन महिला का ये जवाब किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और फिर उसे वायरल कर दिया।

पीएम मोदी ने किया गरीबों के लिए काम : स्वतंत्र देव सिंह

यूपी के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जो देश पिछड़ेपन की श्रेणी में आता था, वह 25 देशों का नेतृत्व कर रहा है। यह सब प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी के कारण संभव हो सका है। उन्होंने गरीबों के लिए आयुष्मान कार्ड, शौचालय, बिजली, पानी के साथ पक्के घरों का बंदोबस्त किया।

9 साल की मोदी सरकार ने 11 करोड़ किसानों के खातों में सम्मान निधि, एक करोड़ तीस लाख किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा और मृदा स्वास्थ्य कार्ड से लाभान्वित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा गरीबों के लिए काम किया है और उनके जीवन में बदलाव लाए हैं। 

स्वतंत्र देव सिंह गोला में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने 9 साल की उपलब्धियां गिनाई। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मोदी सरकार में गरीबों को हर वह सुविधा मिली, जिसकी उनको जरूरत थी। विधायक अमन गिरि ने आए हुए अतिथियों का आभार जताते हुए देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जरूरी बताया। लाभार्थी सम्मेलन को एमएलसी व प्रदेश  महामंत्री अनूप गुप्ता, पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने संबोधित किया। मंच का संचालन  संयोजक अवधेश मिश्रा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button