देश

VIDEO : किसान महिलाओं के साथ डांस करते सोनिया गांधी का वीडियो, बुलावे पर देखने पहुंची थीं घर

(शशि कोन्हेर) : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का किसान महिलाओं के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह किसान महिलाएं सोनिया गांधी के न्यौते पर सोनिया और प्रियंका से मिलने हरियाणा से यहां पहुंची थीं। गौरतलब है कि राहुल गांधी आठ जुलाई को हरियाणा के सोनीपत स्थित मदीना गांव में पहुंचे थे।

इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ-साथ खेत में काम कर रही महिलाओं से भी मुलाकात की थी। तभी इन किसान महिलाओं ने दिल्ली और राहुल गांधी का घर देखने की इच्छा जताई थी। तब कांग्रेस नेता ने संसद से अयोग्य ठहराए जाने का हवाला देते हुए कहा था कि सरकार ने उनका घर छीन लिया है।

दिल्ली बुलाया भी था
जानकारी के मुताबिक इसके बाद सोनिया गांधी ने इन किसान महिलाओं को न सिर्फ दिल्ली बुलाया, बल्कि उनके लिए ट्रांसपोर्ट को भी इंतजाम किया। कांग्रेस कार्यकर्ता रुचिरा त्रिवेदी ने रविवार को इसका वीडियो ट्विटर पर शेयर किया।

इसमें किसान महिलाएं सोनिया गांधी के साथ मिलते हुए, उनके घर में खाना खाते हुए और उनके साथ डांस करती नजर आ रही हैं। इस दौरान महिलाओं ने प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की। वहीं, राहुल गांधी इस मौके पर नजर आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने भी शेयर किया था वीडियो
इससे पहले आज सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि किसान भारत की ताकत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश की विभिन्न समस्याओं को सुलझाया जा सकता है, अगर हम किसानों की बात सुनने को तैयार हो जाएं।

राहुल गांधी ने धान के खेत में ट्रैक्टर चलाते हुए, धान रोपते हुए और उसके बाद किसानों के साथ चारपाई पर बैठकर खाना खाते हुए अपना वीडियो शेयर किया था। वीडियो को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा था कि हरियाणा के सोनीपत में दो किसानों, संजय मलिक और तसबीर कुमार से मिला। दोनों बचपन के दोस्त हैं और कई साल से एक साथ खेती कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button