बिलासपुर

वन्दे मातरम् 150 वर्ष आयोजन: गज किला में आरपीएफ बैंड ने बिखेरा राष्ट्रप्रेम का रंग

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – वन्दे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में देशभक्ति कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर रेलवे जोन द्वारा आरपीएफ बैंड की देशभक्ति प्रस्तुति अलग-अलग ऐतिहासिक स्थलों पर दी जा रही है। मंगलवार को यह भव्य आयोजन रतनपुर के ऐतिहासिक गज किला के सामने आयोजित किया गया, जहाँ देशभक्ति की धुनों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

Advertisement

रतनपुर के ऐतिहासिक गज किला परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में आरपीएफ बैंड ने “वन्दे मातरम्”, “ऐ मेरे वतन के लोगों” सहित कई देशभक्ति धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। बैंड की मधुर और ओजपूर्ण धुनों ने मौजूद हर व्यक्ति को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, सुरेश अत्री, एएससी आरपीएफ,निरीक्षक बी के चौधरी, उपनिरीक्षक अभिषेक राय सहित रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी, कर्मचारी, जवान और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और बच्चों में देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति गर्व की भावना जगाते हैं। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि देश की आज़ादी और सुरक्षा के लिए हमारे वीर जवानों ने कितने बलिदान दिए हैं। कलेक्टर ने करगिल युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे सैनिकों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना देश का तिरंगा कभी झुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों ने जो सपने इस देश के लिए देखे थे, उन्हें पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं ने भी देशभक्ति गीतों के माध्यम से भारत की शक्ति, एकता और बलिदान की भावना को महसूस किया। आयोजन का उद्देश्य आगामी गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चेतना को और मजबूत करना रहा।रतनपुर के ऐतिहासिक गज किला के सामने आयोजित यह देशभक्ति कार्यक्रम न सिर्फ एक सांस्कृतिक प्रस्तुति रहा, बल्कि आने वाली पीढ़ी को देश के लिए समर्पण और बलिदान का संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन भी साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button