राशन दुकान चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 22 क्विंटल चावल व ऑटो जप्त

(मनीष नामदेव) : मुंगेली पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत ग्राम चमारी (टिंगीपुर) स्थित राशन दुकान में हुई चोरी का पर्दाफाश किया गया। आरोपियों के कब्जे से 22 क्विंटल चावल, जिसकी कीमत लगभग 52 हजार 800 रुपये बताई जा रही है, साथ ही चोरी में प्रयुक्त एक ऑटो वाहन, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये है, कुल 1 लाख 52 हजार 800 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
बताया गया कि प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरे मामले में सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।




