पुलिस के हत्थे चढ़े “पत्थरबाज”, ईंट फेंककर ट्रक पलटाने और दूल्हा-बारातियों को घायल करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र में वाहनों पर ईंट-पत्थर फेंककर हादसा करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में एक वाहन चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि स्कॉर्पियो में सवार दूल्हा और बाराती गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने करीब 40 से 50 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक 20 अप्रैल की देर रात ग्राम झाल मेन रोड और बरतोरी रोड के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने चलती गाड़ियों पर ईंट और पत्थर फेंके थे। इस दौरान एक ट्रक और पीछे चल रही मेटाडोर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में माजदा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बारात में शामिल कई लोग घायल हो गए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस ने इलाके के 40 से 50 सीसीटीवी फुटेज की जांच की।जांच के दौरान पुलिस को बाइक सवार संदिग्धों की जानकारी मिली, जिसके बाद धमतरी निवासी पंकज ध्रुव और बिल्हा निवासी मोहन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ईंट-पत्थर भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अपनी प्रेमिका से मिलने बिल्हा आया हुआ था और इसी दौरान दोनों ने सड़क से गुजर रहे वाहनों पर पत्थरबाजी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




