बिलासपुर

बिलासपुर में जीएसटी-पर्यावरण विभाग की संयुक्त दबिश, लाखों की पुरानी बैटरियां जब्त….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के व्यापार विहार रोड स्थित अमरोंन रॉयल ऑटोमोटिव में जीएसटी विभाग और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त छापेमार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने लाखों रुपये मूल्य की प्रयुक्त लेड-एसिड बैटरियों से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में बिना आवश्यक अनुमति और वैधानिक दस्तावेजों के बैटरियां नागपुर भेजने की तैयारी की बात सामने आई है।

Advertisement

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने ट्रक, पुरानी बैटरियों और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में अनियमितताएं मिलने पर ट्रक को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। बताया जा रहा है कि गणेश साहू नामक व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है और बैटरियों के स्रोत, परिवहन और दस्तावेजों की जांच जारी है।

Advertisement

वहीं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पुरानी बैटरियों से निकलने वाला एसिडयुक्त पानी खुले नाले में बहाया जा रहा था, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को खतरा पैदा हो रहा है। शिकायतों के आधार पर पर्यावरण विभाग ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है, जबकि जीएसटी विभाग बैटरी स्क्रैप की खरीदी-बिक्री और कर संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रहा है। अब जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच में जुटी हैं।

Related Articles

Back to top button