बिलासपुर

अंतिम संस्कार के बाद रखी अस्थियां चोरी, पुलिस जांच में जुटी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि एक परिवार की धार्मिक आस्था को भी गहरा आघात पहुंचाया है। मामला है मुक्तिधाम से मृतक की अस्थियां चोरी होने का। आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद सुरक्षित रखी गई अस्थियों को चोरी कर लिया गया। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

Advertisement

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के भारतीय नगर मुक्तिधाम से अस्थि चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के अंतिम संस्कार के बाद उसकी अस्थियां अस्थि पात्र में रखकर मुक्तिधाम में सुरक्षित रखी गई थीं।जब परिजन अस्थि विसर्जन की तैयारी के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो अस्थि पात्र खाली मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और पूरे परिवार में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया।

Advertisement

मामले की जांच के दौरान मुक्तिधाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई है। फुटेज में दो महिलाएं अस्थि पात्र उठाकर ले जाती हुई स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मृतक के परिजनों ने मृतक की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पत्नी काफी समय से अलग रह रही थी और दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद भी चल रहा था।

 

घटना से आहत परिजन खाली अस्थि मटका लेकर सिविल लाइन थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने इसे उनकी धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला बताया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

फिलहाल मुक्तिधाम से अस्थि चोरी का यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे बेहद निंदनीय और शर्मनाक घटना बता रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस संवेदनशील मामले में कितनी जल्दी सच्चाई सामने लाती है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

 

Related Articles

Back to top button