जांजगीर-चाम्पा
पुल पर दो बाइकों की भिड़ंत, नदी में गिरने से युवक की मौत

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के भठली गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल बताए जा रहे हैं। मामला जांजगीर जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक भठली गांव और ताल देवरी के बीच हसदेव नदी पुल पर तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक और पीछे बैठे युवक बाइक सहित नदी में जा गिरे। नदी में गिरने से सुमित दास की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चांपा का रहने वाला बताया जा रहा है।
वहीं विकास यादव, प्रहलाद दास और अमन खन्ना घायल हो गए हैं। घायलों को नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




