जांजगीर-चाम्पा

करही गोलीकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, उधारी के पैसे, रेत कारोबार की रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश

जांजगीर-चांपा जिले के चर्चित करही गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन हंट” के तहत पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता गनपत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है। इससे पहले मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले के खुलासे में TECHINT और HUMINT की अहम भूमिका रही।

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक आयुष कश्यप और आरोपियों के बीच उधारी के पैसे, अवैध रेत कारोबार और व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपियों को आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक स्थिति और इलाके में बढ़ते प्रभाव से जलन थी। इसी रंजिश और आर्थिक नुकसान के चलते हत्या की साजिश रची गई। मुख्य आरोपी गनपत बघेल ने पूछताछ में बताया कि आयुष कम कीमत में रेत बेचकर उसके ग्राहकों को अपनी ओर कर रहा था, जिससे उसे भारी नुकसान हो रहा था।

Advertisement

पुलिस के अनुसार 23-24 अप्रैल की रात नकाबपोश बदमाशों ने पहले घर के आसपास लगे CCTV कैमरे तोड़े, फिर मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद कर आयुष कश्यप के कमरे में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई को भी गोली मार दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जांच लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button