बिलासपुर

आज फिर बिलासपुर में बरसात के पहले ही बिजली गोल…..स्मार्ट रोड में पेड़ गिरा

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर: बिजली विभाग के अधिकारियों ने आज शाम को एक बार फिर यह बता दिया है कि बिलासपुर वालों को बिजली और बारिश एक साथ नसीब नहीं होगा। आज देर शाम गरज चमक के साथ बारिश शुरू होने के पहले ही पूरे शहर की लाइट गोल हो गई। तकरीबन आधा घंटे बाद जब बारिश चली गई उसके बाद भी 1 घंटे तक शहर की बिजली गोल रही।

पहले कभी कभी होने वाला यह तमाशा अब शहर मैं रोज का मामला हो गया है। बिजली विभाग के तार और ट्रांसफार्मर इतने नाजुक और छुईमुई से है कि जरा सा बादल गरजते ही घुटने टेक देते हैं। विद्युत मंडल को कायदे से एक नियम जनता को बता देना चाहिए।

उसे जनता को यह बता देना चाहिए कि शहर में यदि आधे घंटे बारिश होगी तो डेढ़ घंटा लाइन गोल रहेगी। और यदि डेढ़ घंटा बारिश हुई तो फिर आप हिसाब लगा लीजिएगा कि बिजली कितने घंटे गोल रहेगी। इससे बिजली विभाग को भी बादल गरजते ही शहर की लाइट बंद करने में आसानी रहेगी।

वहीं जनता भी हिसाब लगा लेगी कि इतनी देर बारिश हुई है उस हिसाब से कितनी देर तक शहर में लाइट गोल रहेगी।

शहर में आज दोपहर बाद गरज चमक के साथ हुई बारिश के दौरान हमेशा की तरह पूरे शहर की लाइट गोल हो गई। इस दौरान आंधी तूफान और बिजली की गरज के कारण कहीं-कहीं पेड़ पौधे भी गिर गए। स्मार्ट रोड में भी एक पेड़ गिर गया।। इसी तरह शहर के कुछ और हिस्से में पेड़ पौधों को नुकसान पहुंचा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button