देश

तीन शिक्षिकाओं ने मिलकर प्रधानाध्यापिका को जमकर पीटा…जाने क्यों..?

(शशि कोन्हेर) : प्रखंड के निसरपुरा बुनियादी विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को विद्यालय देर से आने का कारण पूछने पर कमरे में बंदकर तीन शिक्षिकाओं ने शनिवार को जमकर पिटाई कर दी। शिक्षिकाओं द्वारा मारपीट किए जाने से सहमे बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और प्रधानाध्यापिका को बचाया।

प्रधानाध्यापिका शारदा कुमारी ने बिक्रम थाने में शिक्षिका रानी कुमारी, ऋतुराज और रूपा रानी के विरुद्ध बंधक बनाकर मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज कराई। जांच के बाद जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह ने तीनों दोषी शिक्षिकाओं को निलंबित करते हुए 24 घंटे में सूचना देने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया है।

पीड़िता ने बताया कि शनिवार की सुबह नौ बजे के करीब वह विद्यालय पहुंचीं। अब तक रानी कुमारी, ऋतुराज और रूपा रानी विद्यालय नहीं पहुंची थीं। देर से विद्यालय आने का कारण पूछते ही तीनों शिक्षिकाएं भड़क गईं और कमरे में बंद कर दिया और मारपीट की। शोर मचाने पर बच्चे कमरे के बाहर जमा होकर चिल्लाने लगे।

बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंच गए और दरवाजा खुलवा कर बचाव किया। पीड़ित प्रधानाध्यापिका ने बताया रानी कुमारी विद्यालय के प्रभार में नहीं हैं। इसके बाद भी वे कार्यालय का जरूरी रजिस्टर अपने पास रखती हैं और अब तक प्रभार भी नहीं दिया है। तीनों शिक्षिकाएं विद्यालय में अक्सर विद्यालय से गायब रहती हैं।

शारदा ने बताया कि पूर्व में भी उनके साथ आरोपित शिक्षिकाओं ने दुर्व्यवहार किया था। इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारी को दी गई थी। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई।

तीनों शिक्षिकाएं करती हैं मनमानी

विद्यालय प्रधान शारदा कुमारी ने बताया कि स्कूल में एक से पांच वर्ग की पढ़ाई होती है। यहां 175 बच्चे नामांकित हैं। शिक्षकों की संख्या छह है। शिक्षिका रानी कुमारी, ऋतुराज और रूपा रानी गौड़ मनमानी करते हुए अक्सर विद्यालय 11 बजे के बाद आती हैं। उपस्थिति दर्ज कराने के बाद स्कूल बंद होने से पहले ही घर चली जाती हैं।

मारपीट की सूचना के बाद बीडीओ प्रशांत कुमार एवं प्रखंड शिक्षा पादाधिकारी राम विलास रमण ने प्रधानाध्यापिका शारदा कुमारी, स्कूली बच्चों एवं रसोईया से पूछताछ की। बीडीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी लोगों पर करवाई होगी। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन दिया गया है। जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button