रेलवे ट्रैक पर मिली लाश निकली लापता ट्रांसपोर्टर की, दफन शव को फिर निकाला गया बाहर

रायगढ़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की पहचान बाद में शहर के लापता ट्रांसपोर्टर सोमवीर उर्फ सोनू शर्मा के रूप में हुई। हैरानी की बात यह है कि पहचान नहीं होने पर पुलिस पहले ही शव का अंतिम संस्कार कर चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, कोसमनारा रेलवे ओवरब्रिज के पास कुछ दिन पहले एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और ट्रेन से कटने की आशंका जताई। दो दिन तक शिनाख्त नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव को दफना दिया गया।
इधर गजानंदपुरम कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर सोनू शर्मा कई दिनों से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, तभी उन्हें रेलवे ट्रैक पर मिले शव की जानकारी मिली। थाने पहुंचकर जांच करने पर पुष्टि हुई कि वह शव सोनू शर्मा का ही है।
इसके बाद परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंपने की मांग की। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को दोबारा बाहर निकाला गया और परिजनों को सौंप दिया गया।प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।




