रायपुर

शराब को लेकर विवाद बना हत्या की वजह, जीजा ने साले की गमछे से घोंटकर ली जान

रायपुर ग्रामीण इलाके से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली। घटना कुम्हारी के पास खारुन नदी किनारे की है, जहां ईंट भट्ठे में काम करने वाले जीजा ने अपने ही साले की बेरहमी से हत्या कर दी।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार मृतक घनश्याम यादव और आरोपी गोपी उर्फ गोप सिंह बरिहा, दोनों महासमुंद जिले के पल्सीपानी गांव के रहने वाले थे और कुम्हारी स्थित ईंट भट्ठे में मजदूरी करते थे। दोनों के बीच रिश्ते में जीजा-साला का संबंध था।बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल को दोनों सिलतरा शराब भट्टी में शराब पीने गए थे। इस दौरान आरोपी ने घनश्याम को 150 रुपये देकर शराब लाने भेजा, लेकिन घनश्याम शराब लेकर अकेले ही पी गया। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में गुस्सा था।

Advertisement

अगले दिन 9 अप्रैल को दोनों खारुन नदी में नहाने पहुंचे। इसी दौरान घनश्याम शौच के लिए नदी किनारे गया, जहां आरोपी पीछे-पीछे पहुंचा और उसे मेढ़ से धक्का दे दिया। जब घनश्याम बेहोश हो गया तो आरोपी ने शक होने पर कि वह जिंदा न बचे, अपने गमछे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराब और गुस्से में लिया गया एक फैसला किस तरह एक जिंदगी खत्म कर देता है।

Related Articles

Back to top button