पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 46 लाख की संपत्ति जब्त…..

रायगढ़ ज़िले की लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 61 किलो गांजा, तीन लग्जरी कारें, सात मोबाइल फोन (जिसमें एक आईफोन शामिल है), एक हाथ घड़ी और 1.80 लाख रुपये नकद समेत कुल 46 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जशपुर के पुरेन्द्र यादव (18) और लैलूंगा निवासी दिनेश यादव (20) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी दिव्यांग कुमार पटेल को उड़ीसा के सीमावर्ती क्षेत्रों से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद डीएसपी अनिल विश्वकर्मा और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। 13 मई को लैलूंगा के पाकरगांव जंगल क्षेत्र में की गई रेड में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए।
गिरफ्तार पुरेन्द्र यादव ने बताया कि वह अपने साथियों—रितेश, युगल और यदुमणि यादव के साथ मिलकर उड़ीसा से गांजा लाता था। इसी कड़ी में पुलिस ने एक अन्य गिरोह से जुड़े दिनेश यादव को भी पकड़ा। वह पहले भी गांजा तस्करी में लिप्त रह चुका है।
दिनेश यादव से पूछताछ में सामने आया कि उसने मार्च में अपने साथियों केशव और नत्थू यादव के साथ 60 किलो गांजा लाया था। इससे पहले मार्च में ही केशव और नत्थू को 22 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
तस्करी में प्रयुक्त सभी वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस अब फरार तस्करों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव समेत साइबर सेल और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




