ऑपरेशन आघात में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम एकताल के स्कूलपारा में रेड कर 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम एकताल निवासी संदीप चौहान अपने घर के पास अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 मई को मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप चौहान, पिता सत्यनारायण चौहान, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम एकताल स्कूलपारा थाना चक्रधरनगर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से दो प्लास्टिक झिल्ली में रखी 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इनमें एक झिल्ली में 30 लीटर और दूसरी में 20 लीटर शराब भरी थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के पास शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




