देश

इंडो-नेपाल सीमा पर तनाव….नेपालगंज में भड़के दंगे से रुपईडीहा बॉर्डर सील, सेना ने संभाला मोर्चा



(शशि कोन्हेर) : सीमा से सटे नेपालगंज में मंगलवार को सुबह बागेश्वरी मंदिर परिसर से सद्भाव रैली पर अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसके बाद भड़की हिंसा में एक युवक की मौत हो गई। हिंसा को देखते हुए कर्फ्यू लगा दिया गया है। नेपाल की सेना ने मोर्चा संभाला है। रुपईडीहा बार्डर पर भी आवागमन थम गया है। नेपाल जाने वाले कई मालवाहक और नेपाली नागरिक भारतीय क्षेत्र में फंसे हुए हैं। एसएसबी व अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

नेपाल के बांके जिले का मुख्यालय नेपालगंज भारतीय सीमा से सटा है। दो दिन पहले एक समुदाय की ओर से रैली निकालकर दूसरे समुदाय के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की थीं। इसके विरोध में नेपाल में एक समुदाय के धार्मिक संगठन ओमकार परिवार के आवाह्न पर सुबह एक समुदाय के लोग नेपालगंज में शक्तिपीठ परिसर में एकत्र हुए थे। यहां से सद्भाव रैली को डीएम कार्यालय तक जाना था। बीपी चौक के पास गुजरते समय अराजक तत्वों ने पथराव व पेट्रोल बम फेंकना शुरू कर दिया जिससे भगदड़ मच गई। रैली में शामिल घरवारी टोला निवासी श्याम मद्धेशिया की मौत हो गई।

स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर बांके जिला प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया। दोपहर बाद सेना को बुला लिया गया है। नेपालगंज में भड़की हिंसा का असर भारतीय क्षेत्र में भी देखा जा रहा है। नेपाल को जाने वाले मालवाहक वाहनों को रोक दिया गया है। छोटे वाहनों को वापस किया जा रहा है। भारत के गैर प्रांतों से वतन लौटे रहे नेपाली नागरिक भी स्थिति को देखते हुए भारतीय क्षेत्र में ही रुके हुए हैं।

नेपालगंज में भड़की हिंसा को देखते हुए पेट्रोल, डीजल, सरसो तेल, चावल, आटा व अन्य सामान लेकर नेपाल जाने वाले मालवाहकों को लैंड पोर्ट अथॉरिटी पर खड़ा कराया गया है। रुपईडीहा पुलिस नेपालगंज में हालात को देखते हुए बार्डर पर पूरी चौकसी बरत रही है।

नेपालगंज में हुई हिंसा का असर सीमा से लगे भारतीय बाजारों में भी मंगलवार को दिखाई पड़ा। आवागमन बंद होने से रुपईडीहा कस्बे में बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बार्डर को जोड़ने वाले हाईवे पूरी तरह से खाली रहा। व्यापारी भी नेपालगंज की स्थिति से मायूस नजर आए। पहले ही दिन करोड़ों के कारोबार का नुकसान हुआ है। इस मामले में क्राइम इंस्पेक्टर विजेंद्रर कुमार मिश्र ने बताया कि नेपालगंज में कर्फ्यू को देखते हुए आवागमन बंद है। वाहनों को लैंड अथारिटी में खड़ा करा दिया गया है। पूरी चौकसी बरती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button