देश

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान अब ज्यादा देर तक खुला रहेगा, इतने बजे तक होगा प्रवेश

(शशि कोन्हेर) : मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान अब रात में ज्यादा देर तक खुला रहेगा। यहां श्रद्धालु रात 9:30 बजे तक प्रवेश कर सकेंगे। इससे पहले जन्मस्थान पर प्रवेश केवल 9 बजे तक ही था।

इससे लाइट एंड साउंड में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का आनंद नहीं उठा पा रहे थे। मंदिर का समय बढ़ने के साथ ही अब भगवान के दर्शन के बाद लाइट एंड का आनंद लेना श्रद्धालुओं के लिए आसान होगा।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 15.5 करोड़ रुपये की लागत से लाइट एंड साउंड शो सिस्टम लगाया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विगत दौरे में इसका उद्घाटन भी कर दिया था। इस लाइट एंड साउंड शो में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर महाभारत के प्रसंगों आदि को समाहित किया गया था।

लाइट एंड साउंड शो में भगवान की लीलाएं देखना श्रद्धालुओं के लिए अलग अनुभव था। लेकिन दिक्कत यह थी कि श्रद्धालु इसका पूरी तरह आनंद नहीं उठा पा रहे थे। दरअसल जन्मस्थान में श्रद्धालुओं का प्रवेश रात 9 बजे तक ही था, जबकि लाइट एंड साउंड शो करीब साढ़े  नौ बजे शुरु होता था, इससे शो के प्रस्तुतिकरण तक सीमित संख्या में ही श्रद्धालु रह पाते थे।

इसी समस्या का हल निकालने के लिए उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, सीईओ नागेंद्र प्रताप, जन्मस्थान प्रबंध समिति के सचिव कपिल शर्मा और संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें सहमति बनी कि जन्मस्थान में श्रद्धालुओं का प्रवेश जो पहले केवल 9 बजे तक ही था, वह अब 9:30 बजे तक बढ़ाया जाए। 

श्रीकृष्ण जन्मस्थान प्रबंध समिति के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर दर्शन का समय सुबह से 6 बजे से दोपहर एक बजे तक है।  गर्भगृह के दर्शन पूरे दिन होते हैं। शाम को दर्शन 4 से 9 तक रहेगा। जो श्रद्धालु लाइट एंड साउंड शो में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए मंदिर में प्रवेश 9:30 बजे तक रहेगा। जहां वे भगवान की दिव्य लीलाओं का आनंद ले सकेंगे। मंदिर दस बजे तक और क्लॉक रूम सवा दस बजे तक खुले रहेंगे।

सीईओ नागेंद्र प्रताप ने बताया कि जन्मस्थान पर लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन पिछले दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। लाइट एंड साउंड शो चल तो तभी से रहा था, लेकिन श्रद्धालु उसका आनंद नहीं उठा पा रहे थे। अब मंदिर बंद होने का समय आगे होने से अधिकाधिक श्रद्धालु लाइट एंड साउंड शो का आनंद ले सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button