देश

फिर बाहर आएगा राम रहीम, 56 दिनों के बाद ही मिल गई 40 दिन की पैरोल

(शशि कोन्हेर) : डेरा सच्चा सौदा के चीफ गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर से पैरोल मिल गई है। यह पैरोल 56 दिनों के अंदर ही मिल गई है। पिछले साल अक्टूबर में भी राम रहीम को पैरोल मिली थी।


40 दिन की पैरोल


गुरमीत राम रहीम को हरियाणा सरकार ने 40 दिन की पैरोल दी है। अधिकारियों ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को शुक्रवार को फिर से 40 दिन की पैरोल दी गई। रोहतक के संभागीय आयुक्त संजीव वर्मा ने फोन पर पीटीआई को बताया- “40 दिनों के लिए पैरोल दी गई है। यह नियमानुसार दी गई है।”


कई बार मिल चुकी है पैरोल


डेरा प्रमुख की आखिरी 40 दिन की पैरोल पिछले साल 25 नवंबर को खत्म हुई थी। वह 14 अक्टूबर को जेल से पैरोल पर बाहर आए थे। अक्टूबर की पैरोल से पहले डेरा प्रमुख जून में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इसके अलावा पंजाब विधानसभा चुनाव से बमुश्किल दो सप्ताह पहले 7 फरवरी, 2022 से तीन सप्ताह की भी पैरोल मिली थी।


हरियाणा सरकार पर सवाल क्यों


राम रहीम को पैरोल मिलने पर हरियाणा सरकार की आलोचना की जाती रही है। आरोप लगता है कि चुनावी फायदे के लिए राम रहीम को पैरोल मिलता है। अक्टूबर-नवंबर में अपनी पिछली पैरोल अवधि के दौरान डेरा प्रमुख ने यूपी के बरनावा आश्रम में कई ऑनलाइन सत्संग आयोजित किए थे। तब इसमें से कुछ कार्यक्रम में हरियाणा के भाजपा नेता भी शामिल हुए थे।


रेप के केस में सजा


राम रहीम, अपनी ही दो शिष्याओं के साथ रेप करने के मामले में दोषी पाया गया है। उसे 20 साल की सजा हुई है। 2021 में डेरा प्रमुख, चार अन्य लोगों के साथ, डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने के लिए भी दोषी ठहराया गया था। डेरा प्रमुख और तीन अन्य को 2019 में 16 साल पहले एक पत्रकार की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button