मुंगेली

महिला से छेड़छाड़ मामले में त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के निर्देशन में लोरमी पुलिस ने महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।

Advertisement

मामला थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम भाठापारा का है, जहां 17 फरवरी 2026 को पीड़िता ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की, अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक लोरमी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत अग्रवाल और वेदप्रकाश अग्रवाल, निवासी गायत्रीपारा लोरमी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button