संपत्ति के लालच में भाई बना कातिल, रिटायर्ड लेखापाल की सुपारी देकर हत्या का सनसनीखेज खुलासा

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां करोड़ों की संपत्ति के लालच में सगे भाई और परिजनों ने मिलकर एक रिटायर्ड लेखापाल की सुपारी देकर हत्या करवा दी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए 11 आरोपियों समेत 4 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।
मामला थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम मनोहरपुर का है, जहां 62 वर्षीय सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर राजपूत 21 मार्च से लापता हो गए थे। उनकी मोटरसाइकिल सुनसान इलाके में मिली, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने “त्रिनयन एप” और सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक संदिग्ध कार की पहचान की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक के सगे भाई रणजीत राजपूत, चचेरे भाई रामपाल और अन्य परिजनों ने मिलकर 10 लाख रुपए और जमीन की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी।
आरोपियों ने पहले बाप-बेटे के रिश्ते में दरार डाली, फिर फर्जी नोटरी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों की संपत्ति अपने नाम करवा ली। इसके बाद सुनसान रास्ते में गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव को कवर्धा जिले के जंगल में दफना दिया गया।हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया, ताकि मामला भटक जाए और लोग समझें कि वह साधु बन गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार, बाइक, स्कूटी और नगदी रकम भी जब्त कर ली है।मुंगेली पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी क्यों न कर लें, कानून के हाथ उनसे कहीं ज्यादा लंबे होते हैं।




