देश

लोगों से वोट मांगने रामपुर के बाजार में, पैदल घूमी प्रियंका गांधी वाड्रा..!

(शशि कोन्हेर) : रामपुर।। उत्तर प्रदेश में जहां पश्चिम के जिलों में विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण का मतदान चल रहा है, वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रामपुर शहर के बाजारों में पैदल घूमींं। प्रियंका रामपुर में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पहुंची। यहां उन्होंने रोड शो निकाला। रोड शो के दौरान गाड़ी से उतरकर प्रियंका गांधी ने बाजार में दुकानदारों से बात की। कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील करने के साथ उन्हें पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल बातों को भी बताया।

प्रियंका गांधी 12 बजे ईदगाह गेट पहुंची। यहां से नगरपालिका होते हुए हाथी खाने तक पैदल चलती रहीं। बीच-बीच में दुकानदारों से मतदान की अपील करती रहीं। हाथीखाना चौराहे पर टायर पंचर लगा रहे शाहिद की दुकान में पहुंच गईंं और उसका हालचाल जानने के साथ ही उसके काम को लेकर भी बात की। इस दौरान दुकानदारों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कई जगह उन पर फूलों की बारिश हुई। साथ चल रहे कांग्रेस प्रत्याशी नवेद मियां ने भी कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।

हाथीखाना चौराहे से वह गाड़ी पर सवार हो गई और खड़े होकर लोगों से मतदान की अपील करती रहीं। गंज थाने तक वह सभी बाजारों में घूमीं। इसके बाद नूरमहल पहुंची। यहां पूर्व सांसद बेगम नूर बानो ने उनका स्वागत किया। उन्होंने आधा घंटे से भी ज्यादा समय तक बेगम नूरबानो और नवेद मियां के साथ चुनाव को लेकर चर्चा की। प्रियंका गांधी ने दोनों से कहा कि आगे हर मोर्चे पर सियासी लड़ाई बहुत मजबूती से लड़ना है। उन्होंने रामपुर में कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जाहिर की।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button