अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई, 375 बोरी धान और वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा – कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।खाद्य, राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम को मिली सूचना के आधार पर छापामार कार्रवाई की गई। जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि ग्राम बिरगहनी ‘च’ निवासी राधेश्याम कुर्रे के घर के बाहर रखे गए 150 बोरी धान, करीब 60 क्विंटल, बिना किसी वैध दस्तावेज के पाए गए।
जांच में सामने आया कि बिचौलियों के माध्यम से धान की अवैध बिक्री का प्रयास किया जा रहा था, जिसके बाद धान को जब्त कर लिया गया।
इसी कार्रवाई के दौरान जावलपुर–रसौटा मार्ग पर संदिग्ध अवस्था में खड़े एक वाहन को रोका गया। वाहन क्रमांक CG 04 MQ 4400 में तिरपाल से ढका हुआ 225 बोरी धान लोड पाया गया। चालक द्वारा संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन सहित धान को जब्त कर थाना बलौदा के सुपुर्द कर दिया गया है।प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।




