छत्तीसगढ़
भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो–बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, 2 की मौत, 12 घायल

कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। देर रात पालिटेक्निक कॉलेज के पास स्कॉर्पियो और बोलेरो के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक दुर्घटना में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक एनएच-30 पर यातायात भी बाधित रहा। यह पूरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




