जांजगीर-चाम्पा

बीमा के 40 लाख पाने पिता का कर्ज चुकाने गढ़ी थी झूठी मौत की कहानी, पुलिस ने किया खुलासा

जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। 21 वर्षीय युवक कौशल श्रीवास ने अपने पिता के लाखों रुपये के कर्ज को चुकाने के लिए खुद की झूठी मौत की कहानी रच डाली। युवक का 40 लाख रुपये का बीमा था और उसी के पैसे से परिवार को कर्ज़ से छुटकारा दिलाने की योजना उसने बनाई थी।

Advertisement

 

Advertisement

घटना 19 अगस्त की है, जब युवक के पिता ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बेटा कौशल घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसी रात उसका मोटरसाइकिल, जूते और मोबाइल शिवनाथ नदी के पैसर पुल के पास मिले। इससे परिवार और गांववालों ने युवक के नदी में बह जाने का अंदेशा जताया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर थाना पामगढ़ और जांजगीर साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। साइबर तकनीकी जांच में पता चला कि युवक ने अपने दोस्त को इंस्टाग्राम के जरिए खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने सुराग तलाशना शुरू किया और 23 अगस्त को तोरवा, बिलासपुर से युवक को सकुशल बरामद कर लिया।

 

पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि पिता का कर्ज़ न चुका पाने की वजह से वह परेशान था। बीमा राशि प्राप्त करने के लिए उसने खुद को मृत दिखाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपना मोबाइल और बाइक नदी किनारे छोड़ दिया और बस से बिलासपुर होते हुए दिल्ली-फरीदाबाद तक पहुंच गया। लेकिन पुलिस की सतर्कता और साइबर टीम की सक्रियता से उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।पुलिस अब युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। गुम इंसान की खोजबीन में साइबर सेल जांजगीर और थाना पामगढ़ पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Related Articles

Back to top button