प्रेशर हॉर्न और मोडिफाई साइलेंसर वालों पर पुलिस ने की कार्रवाई….

जांजगीर-चांपा: – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में जिले में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर प्रेशर हॉर्न और मोडिफाई साइलेंसर जैसे अवैध उपकरणों का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना लगाया जा रहा है।
उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं और ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम हेतु यह सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रेशर हॉर्न और मोडिफाई साइलेंसर वाले 15 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 59,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 184 अन्य वाहन चालकों से 76,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
27 और 28 अप्रैल को चले इस विशेष अभियान में तेज रफ्तार वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट जैसी लापरवाहियों पर सख्ती बरती गई।
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार कर रहे हैं। इसमें निरीक्षक दिनेश कुमार यादव सहित यातायात विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यातायात पुलिस की अपील:
नशे में या बिना सुरक्षा उपायों के वाहन न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और नाबालिगों को वाहन न सौंपें।




