छत्तीसगढ़

विष्णु नगर कुदुदण्ड से उप-चुनाव में श्रद्धा जैन को प्रत्याशी बनायेगी भाजपा..!!

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर :बिलासपुर नगर निगम में विष्णु नगर वार्ड क्रमांक 16 कुदुदंड के लिए होने वाले पार्षद उपचुनाव की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। इस चुनाव को जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने ही अपने-अपने दांव खेलने शुरू कर दिए हैं। पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशी स्वर्गीय निधि जैन ने लगभग 575 मतों से विजय प्राप्त की थी। जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी इस चुनाव में तीसरे नंबर पर थी।

स्वर्गीय निधि जैन के निधन से इस वार्ड का पार्षद पद रिक्त हो गया है। जिसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की घोषणा कर दी है। इस उपचुनाव में 8 जनवरी को मतदान होना है। उसके पूर्व 16 से 23 दिसंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे 26 को नाम वापसी होगी। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के कारण भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों के लिए ही विष्णुनगर कुदुदण्ड का यह उपचुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भरोसेमंद सूत्रों से यहां मिल रही जानकारी के अनुसार भाजपा यहां से स्वर्गीय निधि जैन और कमल जैन की पुत्री श्रद्धा जैन को पार्षद पद का चुनाव लड़ाने जा रही है। हालांकि इसकी अधिकृत घोषणा अभी तक नहीं हुई है।

लेकिन यह माना जा रहा है कि अगर कोई बदलाव नहीं हुआ तो श्रद्धा जैन ही भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रहेंगी। श्रद्धा जैन CA की तैयारियां कर रही हैं। जबकि कांग्रेस ने अभी तक प्रत्याशी चयन की दिशा में हुई विशेष पहल नहीं की है। लेकिन शहर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रत्याशी चयन से लेकर सभी चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button