देश

भाजपा नेता ने महिलाओं पर किए कमेंट, दो बहनों ने बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

(शशि कोन्हेर) : यूपी के मुरादाबाद में दो बहनों पर कमेंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। दोनों बहनों ने इसके बाद युवक को पकड़ लिया और बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दोनों बहनों ने युवक के कपड़े भी फाड़ डाले।

जानकारी करने पर पता चला कि जिस युवक की पिटाई हुई है वह भाजपा नेता है। बीच सड़क पर हुए इस हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को उठाया था, जिनका शांति भंग में चालान किया है। जबकि युवती की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़ का भी मुकदमा पुलिस ने लिखा है, जिसकी जांच जारी है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली विशेष समुदाय की दो सगी बहनों के अनुसार बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों घर लौट रहीं थीं। पीएसी तिराहे के पास एक अंडे के ठेले के पास खड़े युवक उनके ऊपर फब्तियां कसने लगे। दोनों बहनों के अनुसार विरोध करने पर युवकों ने मारपीट की।

जिसके बाद दोनों बहनों ने भी एक युवक को पीट दिया, जो भाजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस मौके से भाजपा कार्यकर्ता अनुज यादव के साथ ही कलेक्ट्रेट के एक कर्मचारी संजय नेगी, पार्षद के बेटे अनुज शर्मा व सुमित को पकड़ कर थाने पर ले गई।

थोड़ी देर बाद ही मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें बताया कि छेड़छाड़ करने पर दो बहनों ने भाजपा कार्यकर्ता को पीटा। उसके कपड़े भी फाड़ दिए।

पुलिस बोली-दुकानदार को पैसे नहीं देने को लेकर हुआ था विवाद

मामले में पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो पता चला कि दो युवक अंडे के ठेले के पास स्थित खोखे से गुटखा लेने के बाद पैसे नहीं दिए। जिसको लेकर दुकानदार व दोनों युवकों से विवाद हो गया। इस बीच एक युवक ने चाकू निकाल कर खोखा वाले पर तान दिया था। वहां मौजूद युवकों ने उसका चाकू छीन उसे वहां से भगा दिया।

बाद में खोखा वाले व अन्य युवकों ने चाकू पुलिस को सौंप दिया था। इसके बाद रात दस बजे वहीं दोनों युवक वहां पहुंचे और खोखे वाले के काउंटर पर पत्थर मार तोड़कर फोड़ करने लगे। भाजपा कार्यकर्ता उन दोनों को मना करने लगा। उसी समय महिलाएं भी वहां पहुंच गई और विवाद बढ़ गया।

भाजपा कार्यकर्ता ने उन्हें रोका तो दोनों उसके साथ मारपीट कर दी। इस मामले में चार युवकों को हिरासत में लिए जाने के बाद से सिविल लाइंस थाने पर भाजपा और शिवसेना नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। गुरुवार को दोपहर बाद तक वहां भीड़ जमा रही। बाद में पुलिस ने हिरासत में लिए गए चारों युवकों का शांतिभंग में चालान किया। इस संबंध में सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि युवती की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। जबकि मारपीट के मामले में मौके से पकड़े चार युवकों का शांतिभंग में चालान किया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button