बालको GAP प्लांट में धमाका, ऑयल लीकेज से मचा हड़कंप, एक श्रमिक गंभीर, तीन घायल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : कोरबा जिले के बालको के ग्रीन एनोड प्लांट यानी GAP में अचानक जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। धमाके के साथ ही ऑयल लीकेज शुरू हो गया, जिससे प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना बालको थाना क्षेत्र की है। देर शाम प्लांट के GAP सेक्शन में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज़ इतनी तेज थी कि आसपास काम कर रहे कर्मचारी और मजदूर घबराकर बाहर की ओर भागे। धमाके के बाद ऑयल लीकेज शुरू हो गया, जिससे आग और हादसे की आशंका बढ़ गई।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों में से एक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया है। उसके अलावा तीन अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तत्काल प्लांट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कर्मचारियों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। तकनीकी टीम भी जांच में जुटी है कि लीकेज किस वजह से हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक हुई या नहीं।
बालको प्लांट का यह एक गंभीर हादसा माना जा रहा है। घायलों के स्वास्थ्य पर पुलिस और प्रबंधन लगातार नजर बनाए हुए हैं।




