सनसनीखेज वारदात: पति ने पत्नी की हत्या कर सिर लेकर गांव में घूमा, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने धारदार हथियार से पत्नी का गला काट दिया और वारदात के बाद उसका सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सालिक राम यादव अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों ने शराब भी पी रखी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी का सिर बोरी में रखकर थाने जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




