कोनी-सेंदरी रोड पर तेज रफ्तार का कहर, अनियंत्रित होकर पलटी कार, दो युवकों की मौत, तीन गंभीर

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर। कोनी–सेंदरी रोड पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और तीन से चार बार पलटने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सक्ती–डभरा के ग्राम खरकेना निवासी ईशु रत्नाकर, जो बिलासपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था, रविवार रात अपने दोस्तों भास्कर राजपूत, अभिषेक बघेल, शेखर चंद्रवंशी और श्याम सिंह राजपूत के साथ रतनपुर रोड की ओर खाना खाने जा रहा था। कार ईशु चला रहा था। कोनी क्षेत्र को पार करते ही वाहन तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गया और कई बार पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ईशु रत्नाकर और भास्कर राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर कोनी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों मृतकों के शव को सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां सोमवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस घायल युवकों से हादसे के कारणों को समझने के लिए पूछताछ कर रही है। वहीं, एक बार फिर तेज रफ्तार को मौत की वजह बताते हुए पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और रफ्तार पर नियंत्रण रखने की अपील की है।




