दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर, एक चालक की मौके पर मौत….

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। भालूमोड़ के पास दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने रेस्क्यू कर शव बाहर निकाला, जबकि दूसरा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के भालूमोड़ के पास सुबह हुआ, जहां दो ट्रेलर आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और कटर की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
हादसे के बाद दूसरा ट्रेलर चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फरार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और हिट एंड रन सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।




