पत्रकारिता की आड़ में वसूली का आरोप, सरपंच-पंचों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा जिले में पत्रकारिता की आड़ में दबंगई और वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। नवागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पुटपुरा के जनप्रतिनिधियों ने एक युवक पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और पैसों की मांग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है।
ग्राम पंचायत पुटपुरा की सरपंच सुचिता देवी राठौर के अनुसार, 2 फरवरी को वार्ड क्रमांक 05 में सीसी रोड निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राम तिलई निवासी दीपक तिवारी नामक युवक मौके पर पहुंचा और खुद को पत्रकार बताकर काम रुकवाने लगा। आरोप है कि युवक ने पंचायत प्रतिनिधियों को धमकाया, मजदूरों को काम बंद करने के लिए उकसाया और मौके पर मौजूद महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया, जिससे घंटों तक शासकीय निर्माण कार्य ठप रहा।
सरपंच का आरोप है कि बाद में उक्त युवक उनके निवास पहुंचा और पत्रकारिता का डर दिखाकर कथित विज्ञापन के नाम पर पैसों की मांग की। जांच करने पर पता चला कि युवक किसी भी मान्यता प्राप्त मीडिया संस्थान से जुड़ा नहीं है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि ऐसे फर्जी पत्रकारों के कारण न सिर्फ पत्रकारिता की साख को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि शासकीय विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।




