जेल से रिहा हुए पूर्व मंत्री कवासी लखमा….

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। जमानत मिलने के बाद आज रायपुर सेंट्रल जेल से उनकी रिहाई हो गई।
सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देते हुए कवासी लखमा पर कई शर्तें लगाई हैं। जमानत की शर्तों के अनुसार कवासी लखमा को छत्तीसगढ़ से बाहर रहना होगा। हालांकि, कोर्ट में पेशी के दौरान वे छत्तीसगढ़ आ सकेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य कारणों या विशेष परिस्थितियों में अनुमति लेकर राज्य में प्रवेश कर सकेंगे।
कवासी लखमा की रिहाई की खबर मिलते ही रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए लखमा का स्वागत किया।गौरतलब है कि कवासी लखमा पिछले करीब एक साल से शराब घोटाला मामले में न्यायिक हिरासत में थे। इस मामले में ईडी और अन्य एजेंसियां जांच कर रही हैं।अब सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल तेज हो गई है।




